दैनिक किरन प्रयागराज। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार अगले 24 घंटों में जनपद के कई क्षेत्रों में हीट वेव से लेकर गंभीर हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है। तेज धूप और अत्यधिक गर्म हवाओं के कारण तापमान में भारी बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
डॉक्टरों के अनुसार लगातार तेज गर्मी और लू के संपर्क में रहने से डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द एवं हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने तथा धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी करने को कहा है।



