प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ी, पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

दैनिक किरनः वृंदावन के विख्यात संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत एक बार फिर अचानक बिगड़ जाने से उनके श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को देखते हुए उनकी नियमित पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही फिलहाल उनके एकांतिक दर्शन भी बंद कर दिए गए हैं।बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से महाराजजी का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था, जिसके बाद चिकित्सकों और निकट सहयोगियों की सलाह पर उन्हें पूर्ण विश्राम देने का निर्णय लिया गया। इसी कारण उनके सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों में अस्थायी बदलाव किया गया है।रविवार देर रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाराजजी के दर्शन और पदयात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। भक्तों को उम्मीद थी कि प्रतिदिन की तरह महाराजजी पदयात्रा के लिए निकलेंगे, लेकिन काफी देर तक उनके न आने पर शिष्यों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। शिष्यों ने बताया कि महाराजजी की तबीयत ठीक नहीं है और डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।यह समाचार सुनते ही वहां मौजूद हजारों भक्त मायूस हो गए। कई श्रद्धालुओं ने महाराजजी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए प्रार्थना की। वृंदावन सहित देशभर से जुड़े उनके अनुयायी लगातार उनके स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।महाराजजी के शिष्यों ने भक्तों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद ही पदयात्रा और दर्शन की अगली सूचना जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

back to top