
दैनिक किरनः फाफामऊ के थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगारपुर गांव में रविवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। आरोप है कि गांव के राम अधार पुत्र स्व. जीतलाल, राजकली पत्नी राम अधार समेत सूरज, सचिन, संतोष, मिथुन, लालजी, अशोक, खुशी, सुनीता, कलावती, राजलाल, अर्चना तथा कुछ अज्ञात लोगों ने मिलकर शिवकली पत्नी स्व. रामसुमेर का घर गिराकर जमींदोज कर दिया।

पीड़िता शिवकली का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। घटना के दौरान घर में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। मारपीट में पीड़िता लहूलुहान हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।



