जय बाबा बर्फानी! 6 दिन बाद फिर शुरू हुई पवित्र अमरनाथ यात्रा, श्रद्धालुओं में उत्साह

दैनिक किरनः लगातार छह दिनों तक स्थगित रहने के बाद पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा एक बार फिर विधिवत शुरू हो गई है। शनिवार सुबह जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं का नया जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। यात्रा का काफिला उधमपुर पार करते हुए कश्मीर घाटी की ओर बढ़ गया, जिससे श्रद्धालुओं में एक बार फिर उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

गौरतलब है कि 19 जुलाई को जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश, खराब मौसम और मार्ग पर सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया था। इस दौरान यात्रा मार्ग की स्थिति का लगातार निरीक्षण किया गया और मौसम सामान्य होने के बाद प्रशासन ने यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया।

प्रशासन ने बताया कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी सलाह के अनुसार ही यात्रा करें, ताकि बाबा बर्फानी के दर्शन सुरक्षित और सुगमता से संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

back to top