त्रिवेणी हॉस्पिटल सीज डिप्टी सीएम से शिकायत के बाद अस्पताल पर चला स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा-

दैनिक किरनः इलाज में लापरवाही की शिकायत पर त्रिवेणी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल सीज, ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी भी सीलइलाज में लापरवाही की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने फूलपुर के शुक्लाना स्थित त्रिवेणी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल में पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने के बाद अस्पताल को सीज कर दिया गया।

इसके साथ ही अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी विभाग को भी सील कर दिया गया।जांच के दौरान अस्पताल में आठ मरीज भर्ती मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल प्रबंधन को सभी मरीजों को 24 घंटे के भीतर दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

यह मामला छेदी का पूरा निवासी पप्पू भारतीय की बेटी वर्षा भारतीय के इलाज से जुड़ा है। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से शिकायत की थी। शिकायत के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने जांच के आदेश दिए थे।

सीएमओ के निर्देश पर गठित टीम ने अस्पताल में पहुंचकर दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की जांच की। जांच के बाद अस्पताल का पंजीकरण निलंबित कर दिया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि जांच पूरी होने तक अस्पताल सीज रहेगा और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।जांच के दौरान एक अन्य गंभीर मामला भी सामने आया। टीम ने पाया कि डॉ. केएन गुप्ता निजी प्रैक्टिस करते हुए मिले। स्वास्थ्य विभाग इस मामले की भी अलग से जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

back to top