
दैनिक किरन: औद्योगिक क्षेत्रों में कर्मचारियों द्वारा वेतन संबंधी शिकायतों और विरोध-प्रदर्शनों के बाद श्रम विभाग ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विभाग ने सभी औद्योगिक इकाइयों और कंपनियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कर्मचारियों को वेतन भुगतान से कम से कम सात दिन पहले सैलरी स्लिप उपलब्ध कराई जाए।श्रम विभाग के अनुसार, इस व्यवस्था से कर्मचारियों को वेतन, भत्तों, कटौतियों तथा अन्य विवरणों की समय रहते जांच करने का अवसर मिलेगा। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति पाई जाती है, तो कर्मचारी वेतन जारी होने से पहले ही संबंधित कंपनी या विभाग के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।विभाग का मानना है कि इस कदम से वेतन भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी, अनावश्यक विवादों में कमी आएगी तथा कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। अधिकारियों ने कंपनियों से निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।साथ ही श्रम विभाग औद्योगिक क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाएगा, ताकि कर्मचारियों को उनके अधिकारों और वेतन संबंधी नियमों की पूरी जानकारी मिल सके। यदि किसी कंपनी द्वारा निर्देशों की अनदेखी की जाती है, तो विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
मुख्य बिंदु-
- वेतन से 7 दिन पहले जारी होगी सैलरी स्लिप।
- कर्मचारी समय रहते वेतन का विवरण जांच सकेंगे।
- त्रुटि होने पर वेतन जारी होने से पहले शिकायत दर्ज कर सकेंगे।
- वेतन भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
Leave a Reply