विंध्य एक्सप्रेस-वे को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज, भूमि सर्वे का कार्य अंतिम चरण में-


दैनिक किरन संवाददाता, प्रयागराज।
संगमनगरी प्रयागराज से सोनभद्र तक प्रस्तावित लगभग 330 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेस-वे को जमीन पर उतारने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए प्रयागराज जनपद की तीन तहसीलों सोरांव, हंडिया और फूलपुर के 73 गांवों में भूमि सर्वे का कार्य चल रहा है। इनमें से 45 गांवों का सर्वे पूरा कर भूमि चिह्नित कर ली गई है।
प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने भूमि खरीद से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दिया है। अब इन प्रस्तावों का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन पूरा होने के बाद प्रस्ताव दोबारा यूपीडा को भेजा जाएगा, जिसके बाद भूमि खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे गंगापार क्षेत्र के सोरांव तहसील के 23, फूलपुर के 24 और हंडिया तहसील के 26 गांवों से होकर गुजरेगा। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के लिए परियोजना परामर्शी संस्था को जिम्मेदारी दी गई है। संस्था ने सोरांव के 15, फूलपुर के 18 और हंडिया के 12 गांवों का सर्वे पूरा कर नक्शे तैयार कर लिए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से संबंधित तहसीलों को भूमि के नक्शे उपलब्ध करा दिए गए हैं। तहसील स्तर पर जमीनों का सत्यापन किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर अभिलेखों में संशोधन भी किया जाएगा। इसके बाद अंतिम प्रस्ताव यूपीडा को भेजा जाएगा। यूपीडा भूमि खरीद के लिए गजट अधिसूचना जारी करेगा।
कई जिलों को मिलेगा लाभ
विंध्य एक्सप्रेस-वे प्रयागराज के सोरांव क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे के पास जूड़ापुर दांदू से शुरू होकर सोनभद्र में छत्तीसगढ़ सीमा के परसा टोला तक जाएगा। यह एक्सप्रेस-वे प्रयागराज के अलावा मीरजापुर, वाराणसी, चंदौली समेत कई जिलों के विकास को गति देगा।
इसके निर्माण से उत्तर प्रदेश का संपर्क मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ से और बेहतर होगा। साथ ही दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और विंध्य क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होने के साथ व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
एडीएम एफआर विनीता सिंह ने बताया कि विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए यूपीडा की ओर से भूमि खरीद का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्तावों का सत्यापन कराया जा रहा है और जल्द ही रिपोर्ट यूपीडा को भेज दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

back to top