मोहिद्दीनपुर गौशाला समेत कई गौशालाओं का निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश-

संवाददाता- प्रांजल पटेल, दैनिक किरन: प्रयागराज जनपद की प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित मोहिद्दीनपुर, सराय ममरेज सहित क्षेत्र की कई गौशालाओं का मंगलवार को उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के माननीय मंत्री श्री रमाकांत उपाध्याय द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गंगापार क्षेत्र के गोसेवा प्रमुख हरिशंकर पटेल, पूर्व प्रधान मोहिद्दीनपुर श्री राज कुमार पटेल, सत्यम पटेल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री रमाकांत उपाध्याय ने गौशालाओं में गौवंशों की देखभाल, चारा-पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं एवं गौशाला संचालन की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से गौवंशों के स्वास्थ्य, रहने की व्यवस्था और नियमित निगरानी के संबंध में जानकारी प्राप्त की।मोहिद्दीनपुर गौशाला में निरीक्षण के दौरान मिली कुछ कमियों पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौवंशों की सेवा और संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने प्रतापपुर सचिव सहित संबंधित अधिकारियों को गौशाला की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और नियमित रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए गोबर से जैविक खाद निर्माण, बायोगैस उत्पादन एवं गौ आधारित योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने की बात कही।

निरीक्षण के बाद श्री रमाकांत उपाध्याय जी ने सराय ममरेज स्थित गंगापार क्षेत्र के गोसेवा प्रमुख हरिशंकर पटेल के आवास पर पहुंचकर जलपान किया। इस दौरान उपस्थित लोगों के साथ गोसेवा, गौ संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।मंत्री के निरीक्षण के बाद क्षेत्र की गौशालाओं में व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों में सक्रियता दिखाई दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंशों की सेवा में लापरवाही करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और सभी गौशालाओं में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

back to top