
दैनिक किरन प्रतापपुर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की मासिक पंचायत शुक्रवार को मियाँ का पूरा स्थित कैंप कार्यालय में जिला अध्यक्ष रमीज नकवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। पंचायत में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और क्षेत्र की विभिन्न कृषि एवं जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।बैठक में किसानों ने बताया कि वर्तमान समय में खेती-किसानी का कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन समय पर उर्वरकों की उपलब्धता नहीं होने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से सभी सहकारी समितियों एवं निजी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की।किसानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि धान सहित अन्य फसलों की सिंचाई के लिए कम से कम 16 से 18 घंटे नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।पंचायत में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों की तकनीकी जांच कराने की भी मांग उठाई गई। किसानों का कहना था कि कई स्थानों पर मीटरों की रीडिंग और बिलिंग को लेकर शिकायतें मिल रही हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।इसके अलावा किसानों ने आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावी रोकथाम के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने की भी मांग रखी गई, ताकि सिंचाई व्यवस्था सुचारु बनी रहे।जिला अध्यक्ष रमीज नकवी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों के हितों और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समय रहते निस्तारण नहीं किया गया तो संगठन किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।पंचायत में देवेंद्र शर्मा, लालचंद्र यादव, अयूब अहमद सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


