
दैनिक किरन लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने उन्हें ‘तलाक’ दे दिया है और उन्होंने इसे स्वीकार भी कर लिया है।
ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा, “उन्होंने हमको तलाक दे दिया, हमने कबूल भी कर लिया। तीन बार कबूल-कबूल बोल दिया। अब क्यों चिल्ला रहे हैं?” उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी डूबती हुई नाव है और जिसे उसमें जाना है, वह जा सकता है।
दरअसल, गुरुवार को अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओपी राजभर को लेकर कहा था कि “राजभर को आप ले आइए, हम ले लेंगे। हम इंतजार कर रहे हैं।” अखिलेश के इसी बयान के जवाब में राजभर ने यह प्रतिक्रिया दी है।


