
दैनिक किरन लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर परिवारवाद और धनबल को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सपा चुनावों में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों यानी PDA के नाम पर समर्थन मांगती है, लेकिन टिकट वितरण में परिवार से जुड़े लोगों और बड़े पूंजीपतियों को प्राथमिकता देती है।
मायावती ने कहा कि बसपा किसी भी चुनाव में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों अथवा बड़े पूंजीपतियों के सहारे चुनाव लड़ने की नीति नहीं अपनाती। उनके मुताबिक, पार्टी गरीब, मध्यम वर्ग और कमजोर तबकों से जुड़े कर्मठ कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारने पर जोर देती है।
सपा पर तंज कसते हुए मायावती ने कहा कि एक ओर पार्टी स्वयं को समाजवादी और PDA की पार्टी बताती है, जबकि दूसरी ओर उसके टिकट वितरण को लेकर परिवारवाद और पूंजीपतियों की भूमिका पर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने जनता से सपा के PDA संबंधी दावों को लेकर सतर्क रहने की अपील की।
मायावती की यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए सपा द्वारा रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सामने आई है। रामगोपाल यादव सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निकट संबंधी हैं, जबकि धनराज परिमल नाथवानी कॉरपोरेट क्षेत्र से जुड़े हैं।


