
दैनिक किरन लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आ सकती है। योगी सरकार करीब 10 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का तोहफा देने की तैयारी में है। लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे शिक्षकों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
पदोन्नति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों से जिलों में कार्यरत शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार करने को कहा गया है, ताकि पात्र शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
गौरतलब है कि वर्ष 2016 के बाद से परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की पदोन्नति नहीं हुई है। ऐसे में करीब एक दशक से प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वरिष्ठता सूची तैयार होने के बाद पात्र शिक्षकों की पदोन्नति संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।


