संगठित अपराध के खिलाफ प्रयागराज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 करोड़ की संपत्ति कुर्क


दैनिक किरन प्रयागराज। संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रयागराज पुलिस ने नवाबगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन चोरी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए अवैध रूप से धन अर्जित करने के आरोपी मोहम्मद नब्बे उर्फ नईम उर्फ नजमे आलम की करीब 15 करोड़ रुपये की पांच संपत्तियां गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर चोरी किए गए वाहनों के इंजन व चेचिस नंबर में छेड़छाड़ करने, नंबर प्लेट बदलने और फर्जी दस्तावेज तैयार कर वाहनों को बेचने के आरोप हैं। जांच के दौरान अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई संपत्तियों को चिह्नित किया गया।
कुर्क की गई संपत्तियां नवाबगंज क्षेत्र के मुहीउद्दीनपुर उपरहार में स्थित हैं। इनमें न्यू राजधानी होटल समेत कई भूखंड शामिल हैं। इन पांच संपत्तियों का कुल क्षेत्रफल करीब 1,282.5 वर्गमीटर बताया गया है, जबकि इनकी बाजार कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने कहा कि संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

back to top