NTA का बड़ा खुलासा: वायरल NEET OMR शीट फर्जी, छात्रा के 167 अंक ही सही

दैनिक किरनः राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही छात्रा आर्या सिंह की कथित OMR शीट को पूरी तरह फर्जी और डिजिटल रूप से संपादित (एडिटेड) बताया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि इस मामले की विस्तृत जांच की गई, जिसमें पाया गया कि वायरल OMR शीट से छेड़छाड़ की गई थी और उसका वास्तविक रिकॉर्ड से कोई मेल नहीं है।

NTA के अनुसार, सुरक्षित रखी गई मूल OMR शीट की जांच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या हेराफेरी नहीं मिली। एजेंसी ने पुष्टि की कि छात्रा के 167 अंक ही सही हैं और सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे अधिक अंकों के दावे पूरी तरह निराधार हैं।

एजेंसी ने कहा कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

NTA ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सामग्री को साझा करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

back to top