दैनिक किरनः आगामी 28 मार्च को मंडल कमिश्नर कार्यालय पर प्रस्तावित किसान क्रांति महापंचायत को सफल बनाने के लिए किसानों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को मियां का पूरा स्थित कैंप कार्यालय में एक अहम पंचायत आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का नेतृत्व रमीज नकवी ने किया।

पंचायत के दौरान मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश का किसान अनेक गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमि अधिग्रहण की मौजूदा नीतियों के चलते किसानों की उपजाऊ जमीनें प्रभावित हो रही हैं, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा भारत-अमेरिका के बीच संभावित कृषि समझौतों को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि ऐसे समझौते किसानों के हितों के विपरीत साबित हो सकते हैं।अनुज सिंह ने कहा कि यदि समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने सभी किसानों से 28 मार्च की महापंचायत में बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी एकजुटता दिखाने की अपील की।बैठक में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान लाल प्रताप यादव, लाल चंद्र यादव, देवेंद्र बहादुर, खन्ना, सीताराम सिंह, भोला प्रजापति, सुनीता पटेल, कमलेश यादव सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।पंचायत के अंत में महापंचायत की रणनीति, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न जिम्मेदारियों का वितरण भी किया गया, ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।


