
दैनिक किरन प्रयागराज: गंगापार क्षेत्र में मलाक हरहर के पास लखनऊ रोड स्थित चंदापुर गांव के सामने बने सपा के पूर्व मंत्री अंसार अहमद के कोल्ड स्टोर में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। अमोनिया गैस से भरे टैंक के फटने से कोल्ड स्टोरेज की छत भरभराकर गिर गई, जिसमें 15 से अधिक मजदूरों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए, लेकिन गैस के रिसाव के चलते राहत-बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है। अब तक मलबे से दो लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से इलाज के लिए भेजा गया है।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। टैंक फटने के साथ ही दीवार गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। बाकी मजदूर जान बचाकर बाहर भागे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और हाईवे से गुजर रहे लोग भी मौके पर रुक गए।


