संवाददाता दैनिक किरनः प्रयागराज में 100 फीट ऊंचा हाईटेंशन लाइन का टावर गिर गया। हादसे में एक मजदूर का पैर कट कर दूर जा गिरा। 2 मजदूर टावर के नीचे दब गए। घटना में 4 अन्य मजदूर भी गंभीर घायल हुए हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टावर के नीचे दबे मजदूर चीखते-चिल्लाते दर्द से बेहोश हो रहे हैं। साथी मजदूर उन्हें निकालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन टावर इतना भारी है कि टस से मस नहीं हो रहा।
घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे गंगापार के सरायइनायत थाना क्षेत्र के सहसों इलाके की है। रिंग रोड निर्माण कार्य के चलते पुराने टावरों को हटाकर नए टावर लगाए जा रहे हैं। 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन बदली जा रही है।
रेहंडम के तार को भी नए टावरों में लगाकर ऊंचा किया जा रहा है। आज दोपहर मशीन के माध्यम से मजदूर ब्रिज टावर पर तार खींच रहे थे। तभी तार टूट गया और अचानक टावर गिर गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टावर के बीच दबे मजदूरों को निकालने की कोशिश की जा रही है। हादसे में पश्चिम बंगाल के मालदा के मजदूर आमिर पुत्र भोंदू, कासिम पुत्र इदुवा, अनिरुद्ध सिंह पुत्र सत्तर सेख, अब्दुल पुत्र शेख अख्तर, पुतुल शेख पुत्र भद्दू शेख, सलीम, छोट्टन गंभीर घायल हुए हैं।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों का कहना है कि इनर रिंग रोड के अंतर्गत फूलपुर की तरफ 10.50 किलोमीटर सड़क का निर्माण हो रहा है। जिसमें छह अंडर पास व दो रेलवे पुल का निर्माण किया जा रहा है। सहसों में हाईटेंशन लाइन बदलने का काम भी चल रहा है। ये हादसा लाइन बदलने के दौरान ही हुआ है।

